logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कूड़े के ढेर के पास खड़ी कार में लगी आग, जलकर राख इंगेजमेंट समारोह में शामिल होने आया था परिवार, दमकल ने एक घंटे बाद पाया काबू

शाहजहांपुर।
थाना रोजा क्षेत्र के लोधीपुर मोहल्ले में रविवार को एक कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कार सड़क किनारे कूड़े के ढेर के पास खड़ी थी, जहां लगी आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, कार लखीमपुर खीरी जिले के मैंगलगंज थाना क्षेत्र के चौघानपुर निवासी बलवंत सिंह की बताई जा रही है। उनका परिवार शाहजहांपुर के लोधीपुर स्थित होटल पार्क इन में आयोजित एक इंगेजमेंट समारोह में शामिल होने आया था। बताया जा रहा है कि कार को होटल परिसर में खड़ा करने के बजाय बाहर कूड़े के ढेर के पास पार्क कर दिया गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कूड़े के ढेर में किसी कारण से आग लग गई, जिसने धीरे-धीरे पास खड़ी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआत में कार से धुआं उठता दिखा, जिसके बाद देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। थाना रोजा प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कूड़े में लगी आग से ही कार में आग लगने की बात सामने आई है। कार स्वामी से संपर्क किया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

1
158 views

Comment