logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

थानाधिकारी सहित दो पुलिसकर्मी आठ लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर, 22 मार्च (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना मांडवा के थानाधिकारी निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भल्लाराम पटेल को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार मांडवा थाने के थानाधिकारी निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भालाराम ने एनडीपीएस एक्ट केस में चार लोगों को आरोपित नहीं बनाने की एवज में रिश्वत मांगी थी।

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि गोपनीय शिकायत में आरोप था कि परिवादियों को एक प्रकरण में आरोपित नहीं बनाने की एवज में 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। सत्यापन में प्रत्येक आरोपी के बदले 5-5 लाख रुपये की मांग सामने आई। जिसके बाद 8 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।

एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपितों को एक लाख रुपए के वास्तविक नोट और सात लाख रुपए के डमी नोट सहित कुल 8 लाख रुपये लेते हुए धर दबोचा। यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में पुलिस निरीक्षक डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में की गई।

0
277 views

Comment