हरदोई के लोकप्रिय पत्रकार धर्मेंद्र सिंह का निधन। शोक में डूबा नगर।
अंतिम विदा:हरदोई में जिस मेडिकल कॉलेज की धड़कनें नापते थे, वहीं थम गई पत्रकार साथी धर्मेंद्र की अपनी सांसें....
हरदोई। कल तक जो शख्स हरदोई मेडिकल कॉलेज की हर हलचल पर पैनी नजर रखता था, आज उसी अस्पताल के गलियारे उसकी खामोशी पर रो पड़े। बेहद मिलनसार, मृदुभाषी और हम सबके छोटे भाई समान पत्रकार धर्मेंद्र सिंह अब इस दुनिया में नहीं रहे। फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे धर्मेंद्र ने आज दिल का दौरा पड़ने के बाद अपनी अंतिम सांस ली।
धर्मेंद्र सिर्फ एक पत्रकार नहीं थे, वे हरदोई के पत्रकार जगत के 'संकटमोचक' थे। किसी साथी को मदद चाहिए हो या मेडिकल कॉलेज में किसी लाचार का काम अटका हो, धर्मेंद्र हमेशा अगली कतार में खड़े मिलते थे। विडंबना देखिए, जिस संस्थान की खबरों को उन्होंने अपनी कलम से सींचा, आज उसी संस्थान ने उन्हें हमेशा के लिए विदा कर दिया।
धर्मेंद्र का जाना एक ऐसे सन्नाटे को छोड़ गया है जिसकी भरपाई मुमकिन नहीं। परिवार के नाम पर केवल एक भाई है जो एटा में रहता है। भाई-चारे और पत्रकारिता के धर्म को निभाते हुए पत्रकार मित्र साथी आज उनके पार्थिव शरीर को लेकर एटा की ओर निकल पड़े हैं। यह सफर धर्मेंद्र का अपनी कर्मभूमि से जन्मभूमि की ओर आखिरी सफर है।
अलविदा धर्मेंद्र भाई! तुम्हारी बेबाक मुस्कान और वो हर वक्त काम आने वाला जज्बा हरदोई के गलियारों में हमेशा याद किया जाएगा बस हर आंख नम है और हर जुबां पर तुम्हारी यादें हैं।
ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और परिजनों व मित्रों को यह असीम कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करे।
भावभीनी श्रद्धांजलि! ॐ शांति। 🙏