लेहड़ा देवी मंदिर में जिलाधिकारी ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की अपील
महराजगंज: फरेंदा तहसील क्षेत्र में स्थित लेहड़ा देवी मंदिर परिसर में नवरात्रि के अवसर पर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सफाई कार्य किया गया।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर से प्रवाहित नाले की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने हेतु उपजिलाधिकारी फरेन्दा एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही नाले की पैमाइश कराकर उसका विधिवत चिन्हांकन कराया जाए, जिससे जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मंदिर परिसर में उत्पन्न फूल-माला एवं अन्य जैविक अपशिष्ट के समुचित निस्तारण हेतु ऑर्गेनिक कम्पोस्टर मशीन स्थापित किए जाने के निर्देश दिए गए। इसके माध्यम से तैयार कम्पोस्ट खाद का उपयोग परिसर के सुन्दरीकरण हेतु पौधारोपण में किया जाए तथा आवश्यकतानुसार श्रद्धालुओं के मध्य भी वितरित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिर परिसर में लगभग 400 दुकानें संचालित हैं, जो लोगों की आजीविका का आधार हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुकानों को सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित ढंग से व्यवस्थित कराया जाए, जिससे दर्शनार्थियों के आवागमन में सुगमता बनी रहे तथा स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित हो सके।