logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आज कानपुर में रामत्व से रामराज्य तक: सनातन यात्रा का भव्य आयोजन


कानपुर, 23 मार्च 2026 (सोमवार): समाज में आदर्श शासन व्यवस्था और नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के उद्देश्य से “रामत्व से रामराज्य तक: एक सनातन यात्रा” का भव्य आयोजन आज शहर में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सायं 4 बजे से 8 बजे तक शास्त्री भवन के खलासी लाइन क्षेत्र में संपन्न होगा। रविवार को कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान आयोजक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, नैतिक मूल्यों और रामराज्य की अवधारणा को समाज के सामने पुनः स्थापित करना है।

चैत्र शुक्ल पंचमी का यह पावन अवसर उस ऐतिहासिक क्षण की याद दिलाता है, जब 14 वर्षों के वनवास के पश्चात श्रीराम अयोध्या लौटे और धर्म, न्याय व समता पर आधारित आदर्श शासन की स्थापना की।

आयोजकों के अनुसार वर्तमान समय में बढ़ते भाई-भतीजावाद, जातिवाद, आतंकवाद और सामाजिक असंतुलन के बीच रामराज्य की अवधारणा और अधिक प्रासंगिक हो गई है। इसी उद्देश्य से सनातन वैदिक रामराज्य परिषद पिछले पांच वर्षों से इस दिन को “रामराज्य महोत्सव” के रूप में मना रही है। इस वर्ष इसका पांचवां संस्करण आयोजित हो रहा है।

कार्यक्रम में देश के प्रख्यात चिंतक और वक्ता श्रीराम के जीवन मूल्यों, उनके शासन सिद्धांतों तथा “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” जैसे आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे, जिससे नई पीढ़ी प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।

इस अवसर पर “सनातन धर्म रत्न पुरस्कार 2026” वरिष्ठ पत्रकार शिव शरण त्रिपाठी को प्रदान किया जाएगा, जो दि मॉरल के संपादक हैं। साथ ही कानपुर बार एसोसिएशन की नव-निर्वाचित समिति को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में विनय कुमार मिश्र, राजीव अग्निहोत्री और योगेश श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजक अजय कुमार मिश्रा ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसकी ऊर्जा और आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ उठाने की अपील की है।

रिपोर्टर— किशोर मोहन गुप्ता
कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश

5
486 views

Comment