बारीडीह के निराला पथ छठ घाट पर 24 मार्च को भव्य गंगा आरती, बनारस के पुरोहित कराएंगे आयोजन
जमशेदपुर: बारीडीह बस्ती स्थित निराला पथ छठ घाट पर इस वर्ष चैती छठ का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष रूप से मनाया जाएगा। छत्रपति शिवाजी महाराज ब्याज क्लब के तत्वावधान में 24 मार्च को संध्या अर्घ के बाद भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
क्लब के संरक्षक आनन्द विहार दुबे ने प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि इस बार आयोजन को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि गंगा आरती के लिए विशेष रूप से वाराणसी (बनारस) से अनुभवी पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है, जो पारंपरिक विधि-विधान के साथ आरती संपन्न कराएंगे। इससे स्थानीय श्रद्धालुओं को काशी जैसी दिव्य अनुभूति प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि चैती छठ पर्व सूर्य उपासना का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें श्रद्धालु कठिन व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। इस अवसर पर संध्या अर्घ के बाद आयोजित गंगा आरती कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि क्षेत्र में सांस्कृतिक वातावरण को भी समृद्ध बनाएगा।
आनन्द विहार दुबे ने आगे बताया कि आयोजन के दौरान घाट की विशेष सजावट, आकर्षक रोशनी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की टीम तैनात की जाएगी। क्लब के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारी में जुटे हुए हैं।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोग इस भव्य गंगा आरती में शामिल होकर पुण्य के भागी बनें और कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता और धार्मिक समरसता का संदेश भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में क्लब के सदस्य सुमित कुमार, सूरज कुमार, रवि, दा सुमित सहित अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। पूरे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।