छपारा में देर रात पत्थरबाजी, परिवार दहशत में — पुलिस जांच में जुटी
21 मार्च (शनिवार) छपारा थाना क्षेत्र के लालमाटी इलाके में शनिवार देर रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर पत्थरबाजी की।
मिली जानकारी के अनुसार, लालमाटी निवासी प्रद्युम सिंह ठाकुर के घर पर रात करीब 1:30 बजे कुछ लोग चार पहिया वाहनों में सवार होकर पहुंचे। बदमाशों ने अचानक घर पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे घर के बाहर खड़ी सामग्री और खिड़कियों को नुकसान पहुंचा।
घटना के दौरान परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, जो अचानक हुए हमले से घबरा गए। पत्थरबाजी की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
पीड़ित परिवार ने रविवार (22 मार्च) को छपारा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।