कुंडेश्वरी में परिवर्तन संस्था द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन
(कुंडेश्वरी) दिनांक 22 मार्च 2026 को स्कॉट फार्म, कुंडेश्वरी में परिवर्तन “Be The Change” सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा एक भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर केवीआर अस्पताल के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें जोड़ों (Joint) से संबंधित रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों की एक्स-रे जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया गया, साथ ही आवश्यक दवाइयां भी नि:शुल्क वितरित की गईं। विशेष रूप से जोड़ों के दर्द, गठिया एवं अन्य संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों को इस शिविर से काफी राहत मिली। इस अवसर पर संस्था के समन्वयक (Coordinator) अभय मंझारिया ने बताया कि परिवर्तन संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, विशेषकर उन लोगों तक जो आर्थिक या अन्य कारणों से बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीडीसी सदस्य रामनगर एवं संस्था के प्रवक्ता मोनू पंकज का विशेष योगदान रहा। उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से यह शिविर सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। संस्था ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।शिविर के सफल समापन पर उपस्थित चिकित्सकों का सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न स्वरूप पौधे एवं श्रीमद्भगवद्गीता की पुस्तकें भेंट की गईं। अंत में संस्था की अध्यक्षता पूनम मंझारिया ने कहा कि परिवर्तन संस्था भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिले।