अंजना पटेल बनीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष, बड़वानी जिले में खुशी की लहर
बड़वानी/राजपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए एडवोकेट अंजना शरद पटेल को महिला मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही बड़वानी जिले के इतिहास में आजादी के बाद पहली बार किसी महिला को इतना बड़ा संगठनात्मक पद मिला है, जिससे पूरे जिले में विशेषकर मातृशक्ति के बीच उत्साह और गर्व का माहौल है।
अंजना पटेल पिछले लगभग 15 वर्षों से राजपुर विधानसभा एवं बड़वानी जिले के गांव-गांव में सक्रिय रहकर भारतीय जनता पार्टी का झंडा बुलंद करती आ रही हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार डगर-डगर जनसंपर्क, महिला सशक्तिकरण और पार्टी विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राजनीतिक सफर के दौरान विधानसभा 2018, विधानसभा 2023 और लोकसभा 2024 में टिकट की अंतिम दौड़ तक पहुंचने के बावजूद अंतिम समय में टिकट से वंचित रहना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए कार्य किया। पार्टी के प्रति उनकी इसी निष्ठा, समर्पण और निरंतर मेहनत को देखते हुए भाजपा संगठन ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
अंजना पटेल का जीवन संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है। वे राजपुर विधानसभा क्षेत्र के एबी रोड हाईवे से लगभग 6 किलोमीटर अंदर स्थित आदिवासी गांव मदरानियां की निवासी हैं और एक सामान्य आदिवासी परिवार से निकलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।
उनकी नियुक्ति पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है। क्षेत्र में जगह-जगह खुशी का माहौल है और इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।