नई टिहरी में ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम, प्रताप इंटर कॉलेज बौराड़ी में भव्य आयोजन
सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बहु-विभागीय शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम
टिहरी गढ़वाल | दिनांक: 22 मार्च 2026, Report: Kedar Singh Chauhan 'Pravar'
उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद टिहरी गढ़वाल में “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन नई टिहरी के प्रताप इंटर कॉलेज, बौराड़ी में किया जाएगा, जबकि तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाने के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाना है।
मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों के लिए उपकरण वितरण तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरण वितरण किए जाएंगे। युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रातः 8:30 बजे शिव मूर्ति स्थल से कार्यक्रम स्थल तक मैराथन और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
शिक्षा एवं सूचना विभाग द्वारा उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं—लोक नृत्य, लोक गायन एवं लोक कला—के कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जिला सेवायोजन विभाग युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की जानकारी देगा और पंजीकरण भी करेगा।
ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय द्वारा आधार पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य प्रमाण पत्रों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, पूर्ति सहित अन्य विभागों द्वारा भी विभिन्न योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण और लाभ वितरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।