logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सरहुल शोभायात्रा में बिछड़ा मासूम, रांची पुलिस ने रातभर सुरक्षित रखकर परिवार से मिलाया,कचहरी चौक पर भीड़ में खो गया था बच्चा

रांची//प्रकृति पर्व सरहुल की शोभायात्रा के दौरान कचहरी चौक के पास एक मासूम बच्चा अपने परिवार से बिछड़ गया। भीड़भाड़ के बीच लावारिस हालत में मिले बच्चे को वहां मौजूद लोगों ने तुरंत ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सौंप दिया।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सीसीआर कंट्रोल रूम में सुरक्षित रखा और उसकी पहचान व परिजनों की तलाश शुरू की। कंट्रोल रूम से सभी थानों को सूचना दी गई, साथ ही वायरलेस और सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे के परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया गया। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे बच्चे के परिवार को उसकी जानकारी मिली। इसके बाद बच्चे की दादी और मौसी सीसीआर कंट्रोल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बच्चे की मां का पहले ही निधन हो चुका है और पिता बीमार हैं। सरहुल शोभायात्रा में शामिल होने के दौरान ही कचहरी चौक के पास भीड़ में बच्चा उनसे बिछड़ गया था।
परिजनों ने रातभर अपने स्तर पर बच्चे की तलाश की, लेकिन भारी भीड़ के कारण उसे ढूंढ नहीं पाए और मायूस होकर घर लौट गए। सुबह मोहल्ले के लोगों से जानकारी मिलने के बाद वे तुरंत कंट्रोल रूम पहुंचे।
इस दौरान बच्चा शुरू में दादी और मौसी के साथ जाने में हिचकिचा रहा था। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली और गोंदा थाना की पुलिस गश्ती टीम ने बच्चे और उसके परिजनों को पुलिस वाहन से सुरक्षित उनके गोंदा थाना क्षेत्र स्थित हथिया गोंदा स्थित घर पहुंचाया।
घर पहुंचने पर बच्चे की उसके बीमार पिता से मुलाकात कराई गई और आवश्यक सत्यापन के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने परिवार से मिलकर बच्चा काफी खुश नजर आया।इस मानवीय पहल के लिए बच्चे के परिजनों ने रांची पुलिस का आभार जताया।

0
36 views

Comment