फिल्म ‘धुरंधर-2’ को लेकर विवाद, डिस्क्लेमर और कहानी पर उठे सवाल
नई दिल्ली। हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म धुरंधर-2 अपने कंटेंट और प्रस्तुति को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गई है। फिल्म के शुरुआत में दिए गए डिस्क्लेमर में यह स्पष्ट किया गया है कि फिल्म का किसी वास्तविक घटना से कोई संबंध नहीं है, लेकिन दर्शकों और समीक्षकों का एक वर्ग इस दावे पर सवाल उठा रहा है।
आलोचकों का कहना है कि फिल्म में “डेट ऑफ बर्थ” सहित कई ऐसे संकेत दिए गए हैं, जिनसे पूरी कहानी का संबंध वास्तविक घटनाओं से जुड़ा प्रतीत होता है। इसके चलते फिल्म के डिस्क्लेमर की विश्वसनीयता पर भी बहस छिड़ गई है।
फिल्म की कहानी में एक ऐसे व्यक्ति राम पाल को दिखाया गया है, जिसके जेल में रहने या न रहने से कोई विशेष फर्क नहीं पड़ता, और वह लगातार गंभीर घटनाओं को अंजाम देता रहता है। इस किरदार और घटनाक्रम को लेकर भी दर्शकों के बीच मतभेद देखने को मिल रहे हैं।
निर्देशक आदित्य धर पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कुछ लोगों का कहना है कि भले ही वास्तविक जीवन में बड़े आर्थिक मामलों में कथित धन देश में नहीं आ पाया हो, लेकिन फिल्म निर्माण के माध्यम से भारी कमाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कुछ दर्शक इसे “मास्टरपीस” बता रहे हैं, वहीं अन्य इसे भ्रामक और अतिशयोक्तिपूर्ण करार दे रहे हैं।
फिलहाल, फिल्म को लेकर जारी इस बहस के बीच सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि दर्शक इस तरह के कंटेंट को किस नजरिए से देखें और फिल्म निर्माताओं की जिम्मेदारी किस हद तक तय की जाए।।