logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

क्रिकेट खेलते समय 30 वर्षीय अंपायर की मौत, बैटिंग के दौरान सीने में दर्द के बाद गिरे

शाहजहांपुर। जिले में क्रिकेट मैच के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बैटिंग करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से 30 वर्षीय अंपायर की मौत हो गई। घटना के बाद खेल रहे साथियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, रोजा थाना क्षेत्र के आदर्शनगर कॉलोनी निवासी सोनल चंद्रा (30) शनिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ ओसीएफ ग्राउंड पर क्रिकेट खेलने गए थे। वह उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के पैनल में शामिल अंपायर थे और करीब तीन साल से अंपायरिंग कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि मैच के दौरान सोनल बैटिंग कर रहे थे। इसी बीच उन्हें अचानक घबराहट और सीने में दर्द महसूस हुआ। हालत बिगड़ने पर वह पिच से हटकर ग्राउंड पर ही गिर पड़े। साथियों ने तुरंत उन्हें उठाकर ग्राउंड की सीढ़ियों पर लिटाया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

इसके बाद उन्हें ओसीएफ अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सोनल अपने पीछे मां को छोड़ गए हैं। उनके पिता महेश चंद्रा सीमा सुरक्षा बल में तैनात थे और करीब 30 साल पहले शहीद हो चुके हैं। उनकी मां सुनीता चंद्रा शिक्षिका थीं, जो एक साल पहले सेवानिवृत्त हुई हैं। सोनल परिवार के इकलौते बेटे थे।

ड्रोन वीडियो भी आया सामने
साथियों के मुताबिक, सोनल को क्रिकेट खेलने के दौरान ड्रोन से वीडियो बनवाने का शौक था। घटना के दिन भी उन्होंने ड्रोन से शूटिंग करवाई थी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह क्रिकेट किट पहने पिच के पास टहलते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में उन्हें सीढ़ियों पर लेटा हुआ देखा जा सकता है।

पुलिस को नहीं दी गई सूचना
इस संबंध में रोजा थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि उन्हें घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। यदि परिजनों की ओर से शिकायत मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है और खेल प्रेमियों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

0
0 views

Comment