विश्व वन दिवस पर जवाहर नवोदय विद्यालय में ईटीएफ का कार्यक्रम आयोजित, हरियाली का दिया संदेश, 151 फलदार पौधे रोपे :-
- - - - - - - एनसीसी केडेट्स व विद्यार्थियों ने लिया संरक्षण का संकल्प, अधिकारियों ने बताया पेड़ों का महत्व :- - - - - - -
मोहनगढ़(जैसलमेर) - मरुस्थलीय क्षेत्र में हरियाली का संदेश देते हुए विश्व वन दिवस के अवसर पर मोहनगढ़ स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में 128वीं पैदल वाहिनी (प्रा.से.) पर्यावरण राज रिफ के तत्वावधान में भव्य पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण राज रिफ और वन विभाग के संयुक्त सहयोग से विभिन्न प्रकार के 151 फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में आम, जामुन, आंवला, अमरूद सहित कई उपयोगी एवं पर्यावरण के लिए लाभकारी पौधों का रोपण किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस अभियान में एनसीसी कैडेट्स व विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें संरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी उठाई। इस अवसर पर भाग लेने वाले विद्यार्थियों को ईटीएफ द्वारा पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं विद्यालय के उप प्राचार्य राजीव कुमार बाजपेयी को कमान अधिकारी कर्नल मनोजीत ठाकुरे ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान कमान अधिकारी कर्नल मनोजीत ठाकुरे ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने “शान, इज्जत और अहमियत” जैसे शब्दों के माध्यम से पेड़-पौधों के महत्व को समझाते हुए कहा कि यह न केवल प्रकृति की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व के लिए भी अनिवार्य हैं। इस मौके पर उपस्थित शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी अधिक से अधिक पौधरोपण कर उन्हें संरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मेजर रूपक नियोगी, मेजर अनंत कुमार सिंह, मेजर डॉ. युगांक गुप्ता, सूबेदार मेजर विष्णु सिंह, वन विभाग के एसीएफ तेजेन्द्र कुमार ग्रोवर, क्षेत्रीय वन अधिकारी हनुमान राम, मोहनगढ़ थानाधिकारी बाबू राम, रावत राम, गायड़ सिंह भाटी सहित ईटीएफ के जवान एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे। विश्व वन दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र में हरियाली के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।