तालाब में डूबने से 8 वर्षीय छात्र की मौत, मवेशियों को पानी पिलाने गया था
हुसैनगंज (फतेहपुर) संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के कठेरवा गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कठेरवा गांव निवासी मनोज सविता का छोटा पुत्र हिमांशू, जो गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 3 का छात्र था, शनिवार सुबह पड़ोस के एक लड़के के साथ मवेशियों को पानी पिलाने के लिए गांव के उत्तर दिशा में स्थित तालाब पर गया था।
बताया जा रहा है कि पानी पीते समय उसकी भैंस तालाब के अंदर चली गई। भैंस को बाहर निकालने के प्रयास में हिमांशू भी तालाब में उतर गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। हिमांशू को डूबता देख उसके साथी ने शोर मचाया और दौड़कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक हिमांशू दो भाइयों और तीन बहनों में से एक था। घटना के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी गई।