logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर स्टेशन पर अमृत भारत योजना का निरीक्षण, धीमी रफ्तार पर मंत्री-सांसद नाराज

शाहजहांपुर।
अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की धीमी प्रगति पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। शनिवार को सांसद अरुण सागर और प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने स्टेशन पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों व ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं। जनप्रतिनिधियों ने उनके साथ स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि स्टेशन के विकास कार्यों में तेजी लाने की जरूरत है, ताकि शहरवासियों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने स्टेशन परिसर में बच्चों के लिए पार्क और एक मेडिकल स्टोर की व्यवस्था किए जाने की भी बात कही।

सांसद अरुण सागर ने कहा कि कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा था, इसलिए निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही स्टेशन का नया और आधुनिक स्वरूप देखने को मिलेगा, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि परियोजना के तहत दो नए प्लेटफॉर्म जोड़े गए हैं और स्टेशन की संरचना में विस्तार किया जा रहा है। डीआरएम ने आश्वासन दिया कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाएगा।

इसके अलावा मंत्री ने रोजा क्षेत्र में दो सड़कों के निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी से स्वीकृति मिलने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थलों के लिए एनओसी प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जाएंगी।

12
569 views

Comment