रामपुर में भारत गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
रामपुर। जनपद की तहसील शाहाबाद के थाना सैफनी क्षेत्र के खरसोल गांव स्थित भारत गैस एजेंसी पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने पिछले 6 महीने से लेकर 1 साल तक गैस सिलेंडर नहीं लिया, इसके बावजूद उनके नाम पर बिना ओटीपी के सिलेंडर बुकिंग दिख रही है। इससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है और वे इसे बड़े स्तर की गड़बड़ी बता रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी द्वारा सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना मिलने पर “समाचार नेशन” के पत्रकार पुष्पेंद्र मौके पर पहुंचे और मामले की कवरेज शुरू की।
इसी दौरान एजेंसी मालिक वहां पहुंचा और पत्रकार के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की की। घटना की सूचना थाना सैफनी पुलिस को दी गई, जिसके बाद दरोगा जसपाल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय पत्रकार को ही खबर चलाने पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकार गैस आपूर्ति को लेकर दावे कर रही है, तो इस तरह की अनियमितताएं चिंताजनक हैं।
👉 ग्रामीणों की मांग:
एजेंसी की निष्पक्ष जांच हो
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए
गरीब उपभोक्ताओं को उनका अधिकार सुनिश्चित किया जाए
📌 फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है।