समुद्री रास्ते खुले और सेफ रहने चाहिए' PM मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति को दी ईद और नवरोज की बधाई, साथ में नसीहत भी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन से फोन पर बात की. उन्होंने उन्हें ईद और नौरोज़ की शुभकामनाएं दीं.
दोनों नेताओं के बीच बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता व खुशहाली पर बात हुई. इस अहम कूटनीतिक वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने बुनियादी ढांचे पर हो रहे उन हमलों की कड़ी निंदा की, जो क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं और ग्लोबल सप्लाई चेन को बाधित करते हैं. साथ ही, उन्होंने नेविगेशन की स्वतंत्रता और समुद्री व्यापारिक मार्गों को सुरक्षित व खुला रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया. इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में लगातार सहयोग देने के लिए ईरानी सरकार और राष्ट्रपति की सराहना भी की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए पोस्ट किया, 'राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेशकियन से बात की और ईद और नौरोज़ की बधाई दी. हमने उम्मीद जताई कि यह त्योहारों का मौसम पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और खुशहाली लाएगा. इलाके में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों की निंदा की, जो इलाके की स्थिरता के लिए खतरा हैं और ग्लोबल सप्लाई चेन में रुकावट डालते हैं.'
प्रधानमंत्री ने इसी पोस्ट में आगे कहा, 'नेविगेशन की आजादी की रक्षा करने और यह पक्का करने के महत्व को दोहराया कि शिपिंग लेन खुले और सुरक्षित रहें. ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए ईरान के लगातार सपोर्ट की तारीफ की.'