ईदगाह में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब, हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने गले मिल दी मुबारकबाद
(सिंघाना) अमन-चैन की दुआ: सामूहिक नमाज के बाद मिठाई खिलाकर बांटी खुशियां, जनप्रतिनिधियों ने भी दी पावन पर्व की बधाई। नगरपालिका क्षेत्र सिंघाना में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक सौहार्द के साथ मनाया गया। कस्बे के मुख्य ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की। इस दौरान हजारों हाथ मुल्क की खुशहाली, तरक्की और अमन-चैन की दुआ के लिए एक साथ उठे।
सांप्रदायिक सौहार्द की दिखी मिसाल
नमाज के बाद ईदगाह के बाहर जो नजारा दिखा, उसने साम्प्रदायिक सौहार्द की एक अनुपम मिसाल पेश की। नमाज संपन्न होते ही हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और मिठाई खिलाकर खुशियां बांटीं।
इक़बाल खान ने बताया कि सिंघाना की यह 'गंगा-जमुनी तहजीब' दशकों पुरानी है, जो हर त्योहार के साथ और मजबूत होती जा रही है।
प्रतिनिधियों ने दीं शुभकामनाएं
इस पावन अवसर पर कस्बे के विभिन्न राजनैतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समुदाय के लोगों को गले लगाकर पर्व की बधाई दी। शुभकामनाएं देने वालों में नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी.पी. सैनी, SC कांग्रेस बुहाना के ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल कालोडिया, ब्लॉक सचिव नरेंद्र शर्मा और पूर्व सरपंच ओमप्रकाश गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इनके साथ ही पूर्व अध्यक्ष विजय पांडे, पार्षद श्रीराम, नोरंग डांगी, अजीत, रणजीत, ईश्वर सिंह और राजू सहित कई अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
समाज के प्रबुद्ध जन रहे मौजूद
मुस्लिम समुदाय की ओर से नमाज और मुबारकबाद के इस मौके पर इकबाल खान, रफीक खान, शौकत मणियार, मैनुद्दीन मणियार, आमीन खान, ईदु खान, बरकत खान, शकूर, सलीम खान, उस्मान, शब्बीर, इब्राहिम, पीरू, शौकत अली, अयूब खान, अनवर (मौलाना शाहिद), मौलाना समस तबरेज और यासीन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
सामाजिक युवा कार्यकर्ता डी.पी. सैनी ने कहा कि ईद का यह पर्व हमें मिल-जुलकर रहने और एक-दूसरे की खुशियों में शरीक होने की प्रेरणा देता है। सिंघाना की यह एकता हमेशा कायम रहनी चाहिए।