logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ईदगाह कमेटी सदस्य बोले—देश का मुसलमान ईरान के साथ, संयम और भाईचारे का दिया संदेश

शाहजहांपुर। शहर में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। ईदगाह से लेकर जामा मस्जिद तक मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में नमाज अदा की। नमाज के बाद देश की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए हाथ उठाकर दुआएं मांगी गईं।

ईदगाह कमेटी के सदस्य सैय्यद कासिम रजा ने इस मौके पर कहा कि देश का मुसलमान ईरान के साथ खड़ा है, लेकिन सभी को संयम बरतते हुए भाईचारे के साथ ईद मनानी चाहिए। उन्होंने सभी देशवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए दुनिया में शांति और खुशहाली की कामना की।

ईरान विवाद पर संयम की अपील
सैय्यद कासिम रजा ने ईरान में चल रहे तनाव को लेकर चिंता जताई और कहा कि सभी को संयम बनाए रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर जंग रोकने की मांग की गई है, ताकि वैश्विक स्तर पर संकट कम हो सके और तेल-गैस की कीमतों में बढ़ोतरी पर भी नियंत्रण हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें।

प्रशासन रहा मुस्तैद
नमाज से पहले नगर निगम व प्रशासनिक अधिकारियों ने ईदगाह और मस्जिदों का निरीक्षण कर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।

नेताओं ने दी बधाई
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने नमाज के बाद लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं, वरिष्ठ नेता कुंवर जयेश प्रसाद समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी लोगों को शुभकामनाएं दीं।

गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
तनवीर खां ने कहा कि शाहजहांपुर में सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। यही गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान है, जिसे आगे बढ़ाते हुए समाज में भाईचारा और सौहार्द कायम रखा जा रहा है।

0
534 views

Comment