बड़े ही अकीदत के साथ मनाई गई ईद, लोगों ने अदा की नमाज
हुसैनगंज कस्बे में आज ईद का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा करने के लिए ईदगाह में जुटने लगे। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ईदगाह से लेकर विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई।
फरीद हाफिज ने बताया कि नमाज के बाद मुल्क की सलामती, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी शिकवे-गिले दूर किए।
वहीं, ईद और नवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील क्षेत्रों और मस्जिदों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई। जनपद में ईद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नायब तहसीलदार अमृत प्रभात, कानूनगो श्रीराम, लेखपाल तथा हुसैनगंज थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे।