सोनारी में नववर्ष जुलूस बना दहशत का कारण: वायरल वीडियो में हथियार लहराने के बाद फायरिंग का आरोप, जांच की मांग तेज
जमशेदपुर (सोनारी) से बड़ी खबर
शहर के सोनारी थाना क्षेत्र में नववर्ष के मौके पर निकले एक जुलूस से जुड़ा मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पहले हथियार लहराने और अब कथित रूप से फायरिंग किए जाने का दृश्य सामने आने से इलाके में चिंता का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों वायरल वीडियो एक ही जुलूस से जुड़े हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुभकामनाएं देने के बजाय कुछ असामाजिक तत्वों ने हथियारों के प्रदर्शन और फायरिंग कर भय का वातावरण पैदा किया। खास बात यह है कि यह घटना सोनारी थाना के नजदीक बताई जा रही है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल हो रहे सभी वीडियो की गंभीरता से जांच की जाए। साथ ही घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो इसे प्रशासन की मौन सहमति माना जाएगा।
मामले को लेकर Hemant Soren, Jharkhand Police और Jamshedpur Police से भी हस्तक्षेप की मांग उठ रही है।
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि सिर्फ हेल्मेट चेकिंग जैसे अभियान चलाने से कानून व्यवस्था मजबूत नहीं होगी, बल्कि ऐसे गैरकानूनी कृत्य करने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि समाज में कानून का भय बना रहे।
साथ ही नागरिकों ने अपील की है कि इस तरह की घटनाओं को सांप्रदायिक नजरिए से न देखा जाए। हर धर्म और समुदाय में कुछ असामाजिक तत्व होते हैं, जिनके खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई की जानी चाहिए, तभी समाज में शांति और भाईचारा कायम रह सकता है।