logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल सील, कई गंभीर अनियमितताएं उजागर


*अवैध रूप से संचालित हॉस्पिटल सील, कई गंभीर अनियमितताएं उजागर*

आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के आलोक में जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरौत प्रखंड के यदुपट्टी बाजार के समीप अवैध रूप से संचालित मां जानकी इमरजेंसी हॉस्पिटल को आज सील कर दिया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, पुपरी श्री गौरव कुमार के नेतृत्व में की गई। मौके पर बीडीओ चोरौत, संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। अस्पताल में न तो कोई पंजीकृत चिकित्सक उपस्थित थे और न ही मरीजों के उपचार से संबंधित वैध अभिलेख उपलब्ध थे।
जांच में यह भी सामने आया कि बिना योग्य चिकित्सकों के मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जिससे मरीजों की जान को खतरा उत्पन्न हो रहा था।
अस्पताल में स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण के मानकों का घोर उल्लंघन किया जा रहा था।
आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं एवं आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण मानक के अनुरूप उपलब्ध नहीं थे।
बायोमेडिकल वेस्ट (चिकित्सीय अपशिष्ट) के निस्तारण की कोई समुचित व्यवस्था नहीं थी।
इन सभी गंभीर कमियों को देखते हुए प्रशासन द्वारा तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील कर दिया गया तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।इस संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध संचालन को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना पंजीकरण एवं मानकों के अनुरूप संचालित संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।वहीं
अनुमंडल पदाधिकारी, पुपरी श्री गौरव कुमार ने कहा कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसमें योग्य चिकित्सक की अनुपस्थिति, आवश्यक दस्तावेजों का अभाव तथा स्वास्थ्य मानकों का उल्लंघन शामिल है। इन परिस्थितियों में तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील किया गया है। आगे भी ऐसे अवैध संस्थानों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाएगा।।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे उपचार के लिए केवल मान्यता प्राप्त एवं पंजीकृत स्वास्थ्य संस्थानों का ही चयन करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना प्रशासन को दें।

0
0 views

Comment