logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

UP College गोली कांड : बेटे की मौत से परिवार पर टूटा गमों का पहाड़, मां का रो-रोकर बुरा हाल



वाराणसी। भोजूबीर स्थित उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में शुक्रवार को हुए सनसनीखेज गोलीकांड में बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की मौत हो गई। हमलावर ने छात्र को एक-दो नहीं बल्कि कुल आठ गोलियां मारीं चार सिर में और चार सीने में जिससे मौके पर ही उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जब सूर्या का शव मॉर्चरी में रखा गया, तो वहां पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां की करुण वेदना सुनकर हर किसी की आंख नम हो गई।

एकलौता बेटा था सूर्य, परिवार में मचा कोहराम
मृतक की पहचान सूर्य प्रताप सिंह (20 वर्ष) पुत्र ऋषिदेव सिंह, निवासी ग्राम दुबैठा, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वह परिवार का एकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण बताई जा रही है। उसके माता-पिता संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में कर्मचारी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

प्रिंसिपल के सामने चली गोलियां, कई राउंड फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज परिसर में यह वारदात प्रिंसिपल के सामने हुई। छात्रों के बीच विवाद के बाद आरोपी ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कई राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

कैदियों को रिहा करने पर बनी सहमति
सहपाठी पर आरोप, आरोपी फरार
इस घटना में गोली चलाने का आरोप कॉलेज के ही छात्र मंजीत चौहान पर लगाया गया है, जो चांदमारी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

कैंपस बना छावनी, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद यूपी कॉलेज परिसर में भारी तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।


आपसी विवाद बना वजह? सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
प्रारंभिक जांच में इस घटना की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों में भय का माहौल है, जबकि परिजन और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

35
939 views

Comment