9 साल में 9 लाख नौकरियां, यूपी तेजी से विकास पथ पर—प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप
शाहजहांपुर। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान प्रदेश में 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की छवि पूरी तरह बदली है। जो प्रदेश कभी ‘बीमारू राज्य’ के रूप में जाना जाता था, वह आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।
उन्होंने कानून व्यवस्था में सुधार को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण से प्रदेश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029-30 तक उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश पर कार्य शुरू हो चुका है।
कश्यप ने किसानों और मजदूरों की आय में वृद्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 6 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास तथ्यहीन आरोप लगाने के अलावा कुछ नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में भ्रष्टाचार और परिवारवाद के अलावा देश को कुछ नहीं दिया।
मंत्री ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पुनः प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।