केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण हेतु उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं—इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी दिव्यांग पेंशन योजना एवं राष्ट्रीय परिवार हित लाभ योजना—के क्रियान्वयन, सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
बताया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में पंचायतवार सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम 20 दिसंबर 2025 से 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा तथा उनके दस्तावेजों—आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड आदि—की जांच की जाएगी।
सामाजिक अंकेक्षण के अंतर्गत ग्राम सभा, लाभुक सभा एवं वार्ड सभा के बाद प्रखंड स्तर पर जनसुनवाई आयोजित होगी। प्रत्येक स्तर पर प्राप्त शिकायतों और सुझावों की समीक्षा कर आवश्यक मामलों को जिला एवं राज्य स्तर तक अग्रसारित किया जाएगा।
जिला स्तरीय टीम ने सभी प्रखंडों को अंकेक्षण कैलेंडर के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित तिथि पर लाभुक आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो सकें। साथ ही अयोग्य, मृत या पलायन कर चुके लाभुकों की पहचान कर योजनाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया, ताकि लाभुकों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
इस अवसर पर सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) श्रीमती नेहा संजना खालखो, जमशेदपुर सदर, बोड़ाम, पटमदा, पोटका एवं गुड़ाबांदा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जमशेदपुर, मानगो एवं चाकुलिया के अंचल अधिकारी सहित सभी प्रखंडों के मुखिया, पंचायत सचिव एवं ऑपरेटर उपस्थित रहे।
Report Anand kishor