बंद फाटक के नीचे से स्केटिंग कर पार कर गया नाबालिग, वीडियो वायरल; जीआरपी ने पिता को दी चेतावनी
शाहजहांपुर। सदर बाजार क्षेत्र स्थित मोक्षधाम रेलवे क्रॉसिंग पर एक नाबालिग का जानलेवा स्टंट सामने आया है। बंद रेलवे फाटक के नीचे से स्केटिंग करते हुए पटरी पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) हरकत में आ गई। मामले में नाबालिग के पिता को थाने बुलाकर सख्त हिदायत दी गई है।
घटना गुरुवार की बताई जा रही है। उस समय ट्रेन आने के कारण रेलवे क्रॉसिंग बंद थी और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान एक नाबालिग स्केटिंग करते हुए वहां पहुंचा और बिना किसी भय के बंद बैरियर के नीचे से झुककर पटरी पार करने लगा। उसने बीच पटरियों पर संतुलन बनाते हुए छलांग लगाई और दूसरी ओर लगे बैरियर को भी पार कर गया। मौके पर मौजूद लोग उसकी इस हरकत को देखते रह गए।
बताया जा रहा है कि वहां मौजूद एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी ने जांच शुरू की और नाबालिग की पहचान कर ली। वह कक्षा 11 का छात्र बताया गया है।
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग के पिता को थाने बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई है। उन्हें समझाया गया कि इस तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी घटना होने पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर किसी भी स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।