अलविदा जुमा व ईद को लेकर बदायूँ में हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया पैदल गश्त
मीडिया प्रभारी: देव ठाकुर
बदायूं। अलविदा जुमा एवं ईद-उल-फितर को लेकर जनपद में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा स्वयं सड़कों पर उतरे और नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ईदगाह, छोटे सरकार सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। इस दौरान एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, सुरेश पाल, विजयेन्द्र द्विवेदी, रजनीश कुमार उपाध्याय और संजय कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की सक्रियता से शहर में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है और लोगों में उत्साह के साथ विश्वास का माहौल बना हुआ है। संवाद