अलविदा जुम्मा को लेकर कन्फ्यूजन, देश में दो बार अदा हुई नमाज़; ईद की खरीदारी से बाजार गुलजार
रमजान के मुकद्दस महीने के समापन पर इस बार अलविदा जुम्मा को लेकर पूरे देश में असमंजस की स्थिति देखने को मिली। चांद दिखने और ईद की संभावित तारीख को लेकर भ्रम के कारण कई जगहों पर पिछले जुम्मा और आज दोनों दिन अलविदा जुम्मा की नमाज़ अदा की गई। लोगों में यह चर्चा रही कि अगर सऊदी अरब में जुमेरात को ईद मनाई जाएगी, तो भारत में आखिरी जुम्मा कौन सा होगा। इसी कन्फ्यूजन के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई, जिसे लोग एक अनोखी घटना के रूप में देख रहे हैं।
वहीं, ईद-उल-फितर को लेकर उत्साह अपने चरम पर है। शहरों और कस्बों के बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। कपड़े, जूते, सेवइयां और अन्य सामानों की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं और त्योहार की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
प्रशासन भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सतर्क है। कुल मिलाकर, रमजान की रुखसती और ईद की आमद ने माहौल को पूरी तरह खुशियों से भर दिया है।