logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: कार की टक्कर से दादी-पोती की मौत, चार घायल

शाहजहांपुर के जलालाबाद रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादी और पोती की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार बेटा समेत कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, खैरपुर गांव निवासी 65 वर्षीय रामवती अपने बेटे बुधपाल (40) और 12 वर्षीय पोती रौनक के साथ बाइक से अपनी मौसी के घर गांव कपूरापुर जा रही थीं। जब वे जलालाबाद रोड पर गांव फीलनगर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, टक्कर के बाद कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।

कार में बरेली निवासी चालक विजयपाल के साथ एक महिला और एक बच्ची सवार थीं। हादसे में उन्हें भी चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बरेली में चिकित्सकों ने रामवती और उनकी पोती रौनक को मृत घोषित कर दिया, जबकि बुधपाल का इलाज जारी है। कार सवार तीनों घायलों का भी उपचार चल रहा है।

क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।

5
259 views

Comment