58 महिलाओं की लूटी आभा।
नेवी से रिटायर्ड कैप्टन बाबा।।
होशियारपुर: 20 मार्च,2026 (बूटा ठाकुर गढ़शंकर)
महाराष्ट्र के नासिक से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने समाज, धर्म और सत्ता तीनों को झकझोर कर रख दिया है। खुद को आध्यात्मिक गुरु बताने वाला प्रभावशाली ज्योतिषी अशोक खरात उर्फ 'कैप्टन' को 35 साल की एक महिला का रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस हाई प्रोफाइल बाबा की गिरफ्तारी ने महाराष्ट्र में सियासी हलचल बढ़ा दी है। पुलिस FIR के मुताबिक, आरोपी अशोक खरात जो खुद को ‘कैप्टन’ कहता था, मर्चेंट नेवी का पूर्व अधिकारी बताया जाता है। उसने समाज में एक प्रतिष्ठित ज्योतिषी और “दैवी शक्तियों” के जानकार के रूप में अपनी पहचान बनाई थी और अपने प्रभाव का एक अनोखा रहस्यलोक बनाया था
पीड़िता का आरोप है कि पूजा-पाठ करने के बहाने, 67 साल के इस ज्योतिषी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाया, उसे सम्मोहित किया और उसके विश्वास का गलत फायदा उठाकर उसका यौन शोषण किया। आरोपी ज्योतिष नासिक के पॉश इलाके कनाडा कॉर्नर में अपना ऑफिस चलाता था और साथ ही सिन्नर के मिरगांव में मंदिर और एक आलीशान फार्महाउस का मालिक था। पुलिस के अनुसार, खरात पर आरोप है कि उसने महिलाओं को उनकी निजी समस्याओं के समाधान का झांसा दिया और “पूजा-पाठ” करने के नाम पर उसे नशीला पदार्थ दिया और उन्हें सम्मोहित (हिप्नोटाइज) कर उनके साथ दुष्कर्म किया।सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह मामला सिर्फ एक पीड़िता तक सीमित नहीं है। NDTV की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बाबा के फार्म हाउस से 58 महिलाओं के संदिग्ध वीडियो मिले हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपने ऑफिस और फार्म हाउस में गुप्त कैमरे लगा रखे थे। पुलिस को छानबीन में एक पेन ड्राइव भी मिली है, इसमें 58 अलग-अलग महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो क्लिप्स होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वह महिलाओं को डराने के लिए तंत्र-मंत्र और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था।पुलिस के मुताबिक, आरोपी नासिक में 'ओकस प्रॉपर्टी डीलर्स एंड डेवलपर्स' नाम से एक दफ़्तर चलाता था। हालांकि, आरोप है कि वहां रियल एस्टेट का नहीं, बल्कि अपराध का धंधा चलता था।मीरगांव में उसका 'ईशान्येश्वर मंदिर' और एक आलीशान आश्रम है, जहां अक्सर जाने-माने और प्रभावशाली लोग दर्शन करने आते थे। नासिक के सिन्नर में स्थित श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन के तौर पर, खरात को जाने-माने राजनेताओं, मशहूर हस्तियों और बड़े कारोबारियों के आध्यात्मिक गुरु के रूप में व्यापक पहचान मिली थी।आरोपी की गिरफ्तारी भी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी। पुलिस ने गोपनीय ऑपरेशन के तहत रात में उसके फार्महाउस के बाहर “चोर-चोर” चिल्लाकर अफरा-तफरी मचाई और इसी बहाने घर में प्रवेश किया और सीधे बेडरूम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने खरात के ठिकाने से पिस्तौल, जिंदा कारतूस और कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि कई राजनेता, सेलिब्रिटी और कारोबारी उसके संपर्क में थे जो उसके मंदिर और फार्महाउस पर आते जाते थे। इसी कारण यह मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप भी ले चुका है।शिव सेना उद्धव ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे ने कहा, "क्या उन लोगों के पैर पूजे जाने चाहिए जो महिलाओं का शोषण करते हैं? हम मांग करते हैं कि उपमुख्यमंत्री इस आचरण का संज्ञान लें।"