धनबाद में सहिया प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
धनबाद | 19 मार्च 2026-:धनबाद में सहियाओं के लिए आयोजित चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। “आदर्श सहिया, स्वस्थ समाज” की दिशा में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी Aditya Ranjan के मार्गदर्शन में किया गया।
जिले के 7 प्रशिक्षण केंद्रों पर आयोजित इस कार्यक्रम में सहियाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, वीएचएसएनडी और सामुदायिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
समापन समारोह में उप विकास आयुक्त Sunny Raj ने प्रतिभागी सहियाओं को बैग, टॉर्च, छाता और पानी की बोतल युक्त प्रोत्साहन किट वितरित किया।
डीडीसी ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना और समुदाय में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि 16 से 19 मार्च तक चले इस कार्यक्रम में सहियाओं को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान रोल-प्ले, समूह चर्चा और अन्य सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से सहियाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई।
इस पहल को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने और बेहतर समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।