मोहम्मदगंज पुलिस ने पकड़ा अवैध शराब लदी कार, चालक फरार,जांच में जुटी पुलिस
मोहम्मदगंज (पलामू)झारखंड
मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के भजनिया मेन रोड पर गुरुवार को पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में कार को जब्त कर लिया गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने बताया कि सत्येंद्र नारायण सिंह के जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान के पास एक कार संदिग्ध स्थिति में खड़ी हैकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान कार (रजिस्ट्रेशन संख्या JH01DQ7975) को जब्त किया गया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई, जिसमें 750 एमएल की रॉयल स्टैग 80 बोतल, वन मोर ग्रीन एप्पल 8 बोतल तथा 180 एमएल की आफ्टर डार्क ब्लू रेयर ग्रीन व्हिस्की 172 बोतल शामिल हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक या मालिक मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में मोहम्मदगंज थाना कांड संख्या 09/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।