कमरे में मिला पत्रकार का शव, जांच में जुटी पुलिस
फतेहपुर। जनपद के सिविल लाइन क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पत्रकार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके कमरे में मिला। मृतक की पहचान विवेक राज मिश्रा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बांदा जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में किराए के मकान में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि अमर उजाला से जुड़े विवेक राज मिश्रा का शव कमरे के अंदर मिला, जिसकी सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक लंबे समय से मधुमेह (डायबिटीज) जैसी बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अभिमन्यु मांगलिक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच जारी है।