logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण, 1000 कार्मिक होंगे तैनात

शाहजहांपुर।
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शहर के एक होटल में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनगणना प्रक्रिया को सुचारु, सटीक और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने जनगणना चार्ज अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों को बताया गया कि लंबे अंतराल के बाद जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो रही है, ऐसे में इसकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। सभी अधिकारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और हर बिंदु को भलीभांति समझने की अपील की गई।

1000 कार्मिकों की होगी तैनाती
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए जिले में करीब 1000 कार्मिकों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए 104 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को ही जनगणना कार्य में लगाया जाएगा।

सेल्फ एन्यूमरेशन और डिजिटल फॉर्मिंग पर फोकस
इस बार जनगणना में सेल्फ एन्यूमरेशन व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। लोगों को स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करने की योजना बनाई गई है, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया जा सके।

पहले चरण में मकान सूचीकरण
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं गणना’ पर विशेष जोर दिया गया। इस चरण में जिले के सभी आवासीय और गैर-आवासीय भवनों का विस्तृत विवरण संकलित किया जाएगा। अधिकारियों को सही प्रपत्र भरने, डिजिटल माध्यमों के उपयोग और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

समन्वय के साथ काम करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने बीएसए, डीसी और डीपीआरओ सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता और सजगता के साथ संपन्न कराना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

0
0 views

Comment