शाहजहांपुर में गैस कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: होटलों-दुकानों से 21 सिलेंडर जब्त, आरोपियों पर FIR
शाहजहांपुर
गुरुवार। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। अलग-अलग तहसीलों में गठित टीमों ने छापेमारी कर कुल 21 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते गैस की उपलब्धता को लेकर आशंकाएं बढ़ी हैं। इसी के मद्देनजर प्रशासन ने संभावित कालाबाजारी को रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया।
कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी
गुरुवार को तहसील कलान, सदर, तिलहर और नगर निगम क्षेत्र में पूर्ति निरीक्षकों के नेतृत्व में टीमों ने ढाबों, रेस्टोरेंट और दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया।
तिलहर में होटल-ढाबों पर कार्रवाई
तहसील तिलहर क्षेत्र के कटरा नगर में पूर्ति निरीक्षक ने फैमिली ढाबा एंड गुप्ता होटल से 14.2 किलोग्राम के दो भरे घरेलू सिलेंडर बरामद किए। वहीं भारत ढाबा से एक भरा सिलेंडर जब्त किया गया। सभी सिलेंडरों को सावित्री इंडेन गैस एजेंसी, मीरानपुर कटरा की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
खुटार में बड़ी बरामदगी
तहसील पुवायां के नगर खुटार में प्रशासन को बड़ी सफलता मिली। यहां अमन इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान और घर से 14.2 किलोग्राम के 18 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। सभी सिलेंडरों को शिव एचपी गैस एजेंसी खुटार के सुपुर्द कर दिया गया।
इस मामले में अमन पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी खुटार के खिलाफ घरेलू गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी के आरोप में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत थाना खुटार में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अवैध रिफिलिंग या कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान ऐसा करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिले में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए नियमित जांच की जाएगी।