राशन दुकान अटैच होने से ग्रामीण परेशान, नवरात्रि में नहीं मिला खाद्यान्न
मीरजापुर(पडरी ):- विकासखंड पहाड़ी के ग्राम पंचायत पड़री में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान को दूसरी ग्राम पंचायत के राशन की दुकान से अटैच किए जाने के बाद ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्रि के पहले दिन ही गरीब परिवारों को राशन न मिलने से आक्रोश बढ़ गया।
ग्रामीणों के अनुसार, पड़री की राशन दुकान अन्य दूकान मे अटैच होने के बाद कार्डधारक पास के गांव की दुकान पर राशन लेने पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद कोटेदार ने राशन देने से साफ इनकार कर दिया। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को खाद्यान्न के लिए भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र सरकार की " वन नेशन वन राशन कार्ड योजना " लागू होने के बावजूद जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा है। आरोप है कि कोटेदार मनमानी कर रहे हैं और पात्र लोगों को राशन से वंचित किया जा रहा है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने खाद्य आपूर्ति निरीक्षक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दिनभर फोन रिसीव नहीं किया गया। इसके बाद जिला पूर्ति अधिकारी को सूचना दी गई, जिन्होंने मेले में व्यस्त होने की बात कहकर बाद में बात करने को कहा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द समस्या का समाधान कर उन्हें राशन उपलब्ध कराया जाए, ताकि त्योहार के समय किसी भी परिवार को भूखे रहने की नौबत न आए।