logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कारा सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश

जमशेदपुर:
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह, मंडल कारा साकची एवं उपकारा घाटशिला की सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय कारा घाघीडीह में पेयजल की समस्या, कैदी वार्ड के जीर्णोद्धार, एमजीएम अस्पताल डिमना में कैदी वार्ड निर्माण की प्रगति तथा जेल परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
जेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि वर्तमान में टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है तथा लगभग आधे चापाकल खराब या सूख चुके हैं। इस पर उपायुक्त ने खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मति कराने तथा पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान हेतु रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली का प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने जेल परिसर के वॉच टावर में जैप फोर्स की तैनाती सुनिश्चित करने हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक को जैप मुख्यालय से समन्वय कर आवश्यक बल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं एमजीएम अस्पताल में निर्माणाधीन कैदी वार्ड को सुरक्षा मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने के लिए बिल्डिंग कॉर्पोरेशन से समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने केंद्रीय कारा घाघीडीह के सभी बंदी कक्ष, कारा अस्पताल एवं अन्य संरचनाओं की मरम्मति के लिए प्राक्कलन तैयार कर तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जेलों की सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वॉच टावर से निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग, औचक निरीक्षण और समन्वयात्मक कार्यप्रणाली को और मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पाण्डेय, एसडीएम धालभूम श्री अर्णव मिश्रा, डीटीओ श्री धनंजय, एसडीओ घाटशिला श्री सुनील चंद्र, एडीएम एसओआर श्री राहुल आनंद सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक, जेलर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Report Anand kishor

4
37 views

Comment