रायबरेली के रामबाग फीडर में रोजाना शाम को बिजली कटौती, एक माह से परेशान उपभोक्ता
रायबरेली (सरेनी): जनपद के सरेनी पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले रामबाग फीडर में पिछले करीब एक महीने से हर शाम हो रही अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोजाना शाम होते ही करीब दो घंटे तक बिजली काट दी जाती है, जबकि कई बार पूरी रात आपूर्ति बहाल नहीं होती।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच छोटे-छोटे बच्चे मच्छरों और उमस से बेहाल हैं। बिजली कटौती के चलते न सिर्फ घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि पढ़ाई करने वाले छात्रों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। आरोप है कि विभाग के संविदा कर्मचारी मनमाने तरीके से लाइन काट देते हैं, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ जाती है।
हाल ही में सरेनी में नवागंतुक एसडीओ ने चार्ज जरूर संभाला है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है। लोगों का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद जमीनी स्तर पर लापरवाही जारी है।
अब देखना होगा कि प्रदेश के विद्युत मंत्री एके शर्मा इस गंभीर समस्या पर क्या संज्ञान लेते हैं और कब तक क्षेत्रवासियों को राहत मिलती है।