ड्यूटी पर जाते समय हादसे में घायल बीएलओ की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
फतेहपुर। जिले में विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) ड्यूटी में तैनात एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की इलाज के दौरान मौत हो जाने से शोक की लहर दौड़ गई। बिंदकी तहसील क्षेत्र के गूंझी गांव निवासी बृजेंद्र कुमार, जो शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत थे और बीएलओ की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे, कुछ दिन पूर्व ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां कई दिनों तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन मंगलवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।
मृतक के परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समय पर पर्याप्त चिकित्सा सहायता नहीं मिली और न ही ड्यूटी से राहत दी गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन हरकत में आया। प्रशासनिक अधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि घायल शिक्षामित्र की इलाज के दौरान दुखद मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी और मृतक की पत्नी को नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।