चैत्र नवरात्रि में विंध्याचल में सेवा की मिसाल, तीर्थयात्रियों के लिए शुरू हुआ विशेष सेवा अभियान
मिर्जापुर: चैत्र वासंतिक नवरात्रि प्रतिपदा एवं सनातन नव वर्ष के पावन अवसर पर विंध्याचल धाम में तीर्थयात्री सेवा समिति द्वारा सेवा कार्यों का शुभारंभ किया गया। यह सेवा श्रीराम नवमी तक लगातार जारी रहेगी, जिसमें श्रद्धालुओं को फलाहार, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भीषण गर्मी के बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई। डीआईजी आर.पी. सिंह और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं पानी वितरित कर उनका हालचाल जाना, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह, एसडीएम सदर गुलाब चंद्र और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जी लाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने बेहतर व्यवस्था और सेवा भावना की सराहना की।
समिति के सदस्यों के अनुसार, नवरात्रि के दौरान संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।