विक्रम संवत 2083 नववर्ष पर एमएसएम आयुर्वेद संस्थान में आयोजन
खानपुर कलां, 19 मार्च।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां में विक्रम संवत 2083 नववर्ष के शुभ अवसर पर एमएसएम इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से आरम्भ इस भारतीय नव संवत्सर के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो शिवालिक यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो अतुल खंडेलवाल ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुर्वेद संस्थान के डीन डॉ एस पी गौतम ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया, जिसमें नववर्ष के स्वागत के साथ सभी के सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई। इस अवसर पर संस्थान के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कुलसचिव प्रो. शिवालिक यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विक्रम संवत भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं को भारतीय ज्ञान परंपरा, विशेष रूप से आयुर्वेद के महत्व को समझने और उसे आधुनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
विशिष्ट अतिथि प्रो. अतुल खंडेलवाल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा पद्धति एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने छात्राओं को समग्र स्वास्थ्य के दृष्टिकोण को अपनाने और चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर शोध एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. एस. पी. गौतम ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने आयुर्वेद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन डॉ बी सी आर्य ने किया।
फोटो कैप्शन :-03 महर्षि धन्वंतरि की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन करते कुलसचिव प्रो शिवालिक यादव व प्रो अतुल खंडेलवाल।