रायबरेली में दबंगों का कहर: दो महिलाओं के पैर तोड़े, गंभीर हालत में इलाज जारी
रायबरेली। गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के बंडे गांव में दबंगों की हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव में एक दर्जन युवकों ने मिलकर दो महिलाओं पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय सुमन और 60 वर्षीय जनक दुलारी पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाओं के दोनों पैर बुरी तरह तोड़ दिए गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) जटवा टप्पा भेजा गया, जहां सुमन का इलाज जारी है। वहीं दूसरी महिला की हालत को लेकर भी चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। घटना से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।