केनरा बैंक की पहल से बदली स्कूल की तस्वीर: 10 लाख की लागत से क्लासरूम और शौचालयों का कराया निर्माण
जनपद हापुड़ के सिंभावली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत जखेड़ा रहमतपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। केनरा बैंक द्वारा करीब 10 लाख रुपये की लागत से स्कूल के कमरों और शौचालयों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यकरण कराया गया, जिससे विद्यालय की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंभावली ब्लॉक के बीडीओ सुधीर कुमार और केनरा बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक लक्ष्मी नारायण उप्पला शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने विद्यालय पहुंचकर सबसे पहले व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और किए गए कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को बैग और किताबें भी वितरित की गईं, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। विद्यालय के प्रधानाध्यापक उम्मेद अली ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया और केनरा बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
बताया गया कि केनरा बैंक अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधियों के तहत स्कूलों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। इसके तहत स्मार्ट क्लासरूम, बेहतर फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, कार्यात्मक शौचालय, लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा मिल सके।
यह पहल खासतौर पर ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में अहम भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में नागेंद्र सोम (पूर्व ग्राम प्रधान), सुरेश कुमार (ग्राम प्रधान), पंकज कुमार सिंह, शैफाली सिंह, रोशन लाल (फाइनेंशियल लिटरेसी काउंसलर), अनेंद्र सिंह (डिविजनल मैनेजर), शीशपाल सिंह (मैनेजर लीड बैंक), योगेश कुमार गुप्ता (बीईओ) और भारती सिंह (मैनेजर केनरा बैंक) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।