पीलीभीत: सराफा दुकान में दिनदहाड़े चोरी, शोकेस से दो सोने की चेन लेकर उड़ा चोर
पीलीभीत। शहर के व्यस्त सराफा बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लाल रोड स्थित एक आभूषण की दुकान से एक शातिर चोर ने पलक झपकते ही शोकेस में रखी दो सोने की चेन पार कर दीं। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
भोजन करने गए थे मालिक, पीछे से हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के लाल रोड स्थित बाजार में राजू चंद्र की सराफा दुकान है। बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे राजू चंद्र भोजन करने के लिए दुकान के पीछे बने अपने घर गए थे। उस वक्त दुकान पर उनका एक मानसिक रूप से अस्वस्थ नौकर मौजूद था। इसी बीच एक अज्ञात युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ। मौका पाकर उसने शोकेस से दो सोने की चेन निकालीं और बड़े आराम से वहां से रफूचक्कर हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुई चोर की करतूत
जब दुकानदार वापस लौटे, तब उन्हें सामान कम होने पर चोरी का अहसास हुआ। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि एक युवक ने बड़ी सफाई से चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। फुटेज में आरोपी की पूरी हरकत साफ नजर आ रही है।
पुलिस और फील्ड यूनिट ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया: > "मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।"