जिले में #जल_गंगा_संवर्धन_अभियान का शुभारंभ 19 मार्च को
➡️ कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को अभियान के संचालन के दिए निर्देश
➡️ प्रत्येक ग्राम पंचायतों में भी आयोजित होंगे जल गंगा संवर्धन के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा प्रदेश में जल संसाधनों का संरक्षण और पुनर्निर्माण के उद्देश्य से 19 मार्च 2026 से "जल गंगा संवर्धन अभियान" प्रारंभ किया जाएगा, जो आगामी 30 जून 2026 तक संचालित होगा। बैतूल जिले में आज 19 मार्च 2026 से जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा जिले के प्रत्येक नगरीय निकाय एवं प्रत्येक ग्राम पंचायत में जन समुदाय के सहयोग से आगामी 30 जून तक जल संरक्षण के कार्य किए जाएंगे।
जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के नेतृत्व में चलने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रमुख उद्देश्य जनभागीदारी से जल संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत समाज की भागीदारी और विभिन्न सहभागी विभागों की समेकित पहल से मुख्यतः जन जागरूकता, नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण, भूजल संवर्धन, पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई व मरम्मत, नवीनीकरण, जल गुणवत्ता परीक्षण, जल स्त्रोतों में प्रदूषण के स्तर को कम करने, जल स्त्रोतों तथा जल वितरण प्रणालियों की साफ-सफाई, राजस्व रिकार्ड में जल संग्रहण संरचनाओं व नहरों को अंकित करने और मानसून में किये जाने वाले पौधारोपण के लिए आवश्यक तैयारियां की जाएगी।
➡️ जल संरक्षण और संवर्धन के कार्य किए जाए
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सभी विभागीय अधिकारियों को जल गंगा संवर्धन अभियान के सुचारू संचालन के दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देश दिए कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत 19 मार्च से जिले के सभी नगरीय निकायों और सभी ग्राम पंचायत में जल संरक्षण और संवर्धन के कार्य प्रारंभ किया जाए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, जल संसाधन एवं नर्मदा घाटी विभाग, महिला बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्कूल शिक्षा, संस्कृति, राजस्व, वन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरचनाओं की साफ-सफाई और रिपेयरिंग के कार्य कराए जाए तथा जल संरचनाओं के आसपास पौधारोपण के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाए।
➡️ जन भागीदारी से जल संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना अभियान का मुख्य उद्देश्य
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि समाज की भागीदारी और विभिन्न सहभागी विभागों की समेकित पहल से अभियान का क्रियान्वयन होगा। अभियान में समाज की सहभागिता के लिए जन जागरूकता हेतु विविध कार्यक्रमों का आयोजन और कार्य भी किये जायेंगे। संपूर्ण अभियान इस तरह से नियोजित किया जाना है, जिससे यह अभियान समाज और सरकार की साझेदारी से जल संरक्षण व संवर्धन का जन आंदोलन बन सके।