स्मृति शेष महेश प्रसाद यादव की 8वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन न्यूज
••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••
खगड़िया, 18 मार्च।
सदर प्रखंड के रहीमपुर मध्य पंचायत अंतर्गत ग्राम मोरकाही में आज समाजवादी नेता एवं समाजसेवी स्मृति शेष महेश प्रसाद यादव की 8वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा जदयू के जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार गौतम ने की।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय यादव के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे वातावरण में भावुकता और सम्मान का माहौल देखा गया, जहां लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्चे अर्थों में जनसेवक बताया।
कार्यक्रम में जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महेश प्रसाद यादव न केवल एक राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ता थे, बल्कि समाज के लिए समर्पित एक प्रेरणास्रोत थे। उनके आदर्श, सादगी और जनसेवा की भावना आज भी हमें मार्गदर्शन देती है। उनकी कमी समाज को हमेशा खलेगी।
अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वर्गीय यादव के सामाजिक योगदान को अविस्मरणीय बताया।
भाजपा नेता सह पूर्व जिला पार्षद कृष्ण कुमार यादव उर्फ मुन्ना भाई, पैक्स अध्यक्ष संजय यादव, समाजसेवी प्रफुल्ल चंद्र घोष, राजद नेता मौसम कुमार गोलू, पूर्व सैनिक गीता प्रसाद यादव, वीर प्रकाश यादव, भाजपा के रंजन साह, शिक्षक जीवन शर्मा एवं किसान सलाहकार अंकेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि स्वर्गीय महेश प्रसाद यादव का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके द्वारा किए गए कार्य और समाज के प्रति समर्पण हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।