स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण: एसबीएम राज्य सलाहकार मोनिका सिंह ने दिए व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश
चित्रसेन घृतलहरे, AIMA MEDIA//स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्वच्छता कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से एसबीएम राज्य सलाहकार मोनिका सिंह ने विकासखंड बिलाईगढ़ के विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गांवों में बनाए गए पृथक्करण शेड, सामुदायिक शौचालयों तथा कचरा संग्रहण व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया।
मोनिका सिंह ने ग्राम पंचायतों में मौजूद संबंधित अधिकारियों व ग्रामीणों से चर्चा करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी एवं नियमित करने पर जोर दिया।
राज्य सलाहकार ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य केवल शौचालय निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे गांव में स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण-मुक्त वातावरण का निर्माण करना है। उन्होंने सभी को कचरे के पृथक्करण—गीला और सूखा कचरा अलग रखने—की आदत को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही गांव को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।