संजीव सिंह ने धनबाद मेयर पद की ली शपथ उपायुक्त आदित्य रंजन ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
विकास, स्वच्छता और पारदर्शी प्रशासन का लिया संकल्प,समारोह में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थकों की बड़ी मौजूदगी
धनबाद को आधुनिक शहर बनाने का मेयर का लक्ष्य
धनबाद नगर निगम को नया नेतृत्व मिल गया है। संजीव सिंह ने महापौर (मेयर) पद की शपथ ग्रहण की और शहर के विकास का संकल्प लिया।
धनबाद समाहरणालय के मुख्य सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने संजीव सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम के सभी 55 वार्डों के पार्षदों ने भी अपने पद और कर्तव्यों की शपथ ली।
समारोह के दौरान चिरकुंडा नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता देवी को उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे।
शपथ लेने के बाद मेयर संजीव सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य धनबाद को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाना है। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, सड़क निर्माण, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नगर निगम की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
हालांकि, नगर निगम के खाते में लगभग 337 करोड़ रुपये उपलब्ध होने के बावजूद अधिकांश राशि केंद्र प्रायोजित योजनाओं से जुड़ी है, जिससे स्वतंत्र रूप से खर्च करने के संसाधन सीमित हैं।
इस समारोह को स्थानीय विकास और लोकतंत्र के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।