पुरी में दर्दनाक हादसा: झारखंड के बीटेक छात्र की समुद्र में डूबने से मौत, 3 दिन बाद कोणार्क के पास मिला शव
झारखंड
ओडिशा के प्रसिद्ध समुद्री पर्यटन स्थल पुरी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा निवासी बीटेक छात्र अनिमेष साव की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। वे अपने दोस्तों के साथ भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी आए थे।
जानकारी के अनुसार, दर्शन के बाद सभी दोस्त पुरी समुद्र तट पर नहाने पहुंचे। इसी दौरान अचानक तेज लहरों की चपेट में आकर अनिमेष गहरे समुद्र में बह गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लाइफगार्ड और रेस्क्यू टीम ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
लगातार तीन दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार अनिमेष का शव पुरी से लगभग 30 किलोमीटर दूर कोणार्क तट के पास समुद्र में मिला। इस खबर के सामने आते ही परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि अनिमेष अपने पिता के इकलौते बेटे थे। बेटे की असमय मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि समुद्र में नहाते समय सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।